वाराणसी : टेंगरा मोड़ पर ट्रक ने ऑटो में मारी टक्कर, चार घायल, आक्रोशित लोगों ने की तोड़फोड़
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ के पास सोमवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत तीन सवार और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो से टकराया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई। वहीं, कुछ लोगों ने ट्रक का स्टेयरिंग फेल होने की बात कही। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जितेंद्र के घायल होने से परिवार के सामने संकट
हादसे में घायल ऑटो चालक जितेंद्र सोनकर (25) पुत्र छांगु सोनकर, निवासी कबीर नगर, चंदौली की हालत को लेकर परिवार चिंतित है। समाजसेवी राजेश कुमार सेठ के अनुसार, जितेंद्र परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। उसकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता है। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। मां दिव्यांग हैं, जबकि पिता करीब 60 वर्ष के हैं और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जितेंद्र के घायल होने से परिवार के सामने इलाज के खर्च के साथ ही रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यदि वह लंबे समय तक काम करने की स्थिति में नहीं रहता है तो परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो जाएगा।
बेटे को घायल देख मां का रो-रोकर बुरा हाल
दुर्घटना में घायल दूसरे व्यक्ति की पहचान मनोज (34) निवासी बबुरी, चंदौली के रूप में हुई है। ऑटो में सवार दो अन्य लोग बेहोशी की हालत में होने के कारण अब तक पहचान में नहीं आ सके हैं। हादसे की सूचना मिलने पर जितेंद्र की मां बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचीं। बेटे को घायल अवस्था में देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

