वाराणसी : होटल के कैश काउंटर में 1.71 करोड़ रुपये कम मिले, चार कर्मचारियों पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित होटल मदीन में कैश के हिसाब में 1.71 करोड़ रुपये की कमी मिलने का मामला सामने आया है। होटल प्रबंधन की ओर से मामले में चार कर्मचारियों के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपियों में महाप्रबंधक संदीप पाटियाल, वित्त प्रबंधक अनुपम सिंह, कैशियर कौशल किशोर सिंह, एचआर मैनेजर प्रदीप कुमार तिवारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। होटल प्रबंधन ने चारों पर कथित वित्तीय गबन और कूटरचित दस्तावेजों के जरिये धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। 

होटल प्रबंधन के अनुसार चारों पर पिछले करीब छह महीने से कैश में गड़बड़ी करने और रकम का हिसाब नहीं देने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक होटल में प्रतिदिन की बिक्री और कैश का हिसाब रखा जाता है। सितंबर 2026 तक के रिकॉर्ड के अनुसार कैश में 25 लाख रुपये होने चाहिए थे, जबकि मौके पर करीब 6 लाख रुपये ही मिले। इस तरह करीब 20 लाख रुपये की कमी सामने आई।

इसी प्रकार अगस्त में करीब 2.6 करोड़ रुपये की बिक्री होने के बावजूद कैश में महज 55 लाख रुपये मिले। प्रबंधन के मुताबिक रिकॉर्ड और वास्तविक कैश में लगातार अंतर पाया गया। इन सभी अवधियों की रकम को मिलाने पर करीब 1.71 करोड़ रुपये की कमी सामने आई। होटल प्रबंधन का आरोप है कि चारों कर्मचारियों ने आपस में मिलीभगत कर कैश का गबन किया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों से रकम के संबंध में पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड, कैश बुक और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Share this story