वाराणसी : रियल एस्टेट में निवेश से मोटे मुनाफे का लालच देकर झंस लिए 34.70 लाख, चार पर मुकदमा
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सुदामापुर निवासी मिथिलेश कुमार पंडित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 34.70 लाख रुपये हड़प लिए गए।
पीड़ित मिथिलेश कुमार पंडित के अनुसार, “स्काई एफएक्स” और “स्काई ड्रीम होम” नामक कंपनियों के संचालकों ने स्वयं को कंपनी का प्रबंध निदेशक (एमडी) बताते हुए उन्हें और उनके परिचितों को निवेश के लिए प्रेरित किया। आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने विश्वास जीत लिया और धीरे-धीरे बड़ी रकम इकट्ठा कर ली।
मिथिलेश का कहना है कि यह पूरी धनराशि उन्होंने चेक, नकद और ऑनलाइन माध्यम से दी थी। इस लेन-देन में सतीश भारती नामक व्यक्ति ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई, जिसके माध्यम से रकम आरोपियों तक पहुंचाई गई। शुरुआत में कंपनी की ओर से भरोसा दिलाया जाता रहा, लेकिन कुछ समय बाद जब पीड़ित ने अपनी निवेश राशि और मुनाफे के बारे में जानकारी लेनी चाही, तो कंपनी का कार्यालय बंद मिला।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सभी के मोबाइल बंद मिले और वे फरार हो चुके थे। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर भेलूपुर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इस प्रकरण में सूरज कुमार गुप्ता, सत्येंद्र गोस्वामी, रत्नेश देवगड़िया और सतीश कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। पीड़ित ने बताया कि उनके पास मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग, चेक की प्रतियां और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा जाएगा। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश की जा रही है।

