वाराणसी : भदऊ चुंगी में तेज रफ्तार हाइवा ने ली पांच वर्षीय मासूम की जान, चालक हिरासत में, कार्रवाई में जुटी पुलिस
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊ चुंगी स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। तेज रफ्तार छड़ लदे हाइवा (ट्रक) की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
भदऊ चुंगी रोड किनारे पटरी पर रहने वाले एक परिवार का पांच वर्षीय बालक धनराज विश्वकर्मा सड़क के पास खेल रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे छड़ लदे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद वह वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस ने बसंता कॉलेज मोड़ के पास ट्रक को खड़ा पाया और चालक को हिरासत में लेकर आदमपुर थाने ले गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि भदऊ चुंगी मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है, जिससे सड़क किनारे रहने वाले परिवारों और राहगीरों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने और यातायात सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
आदमपुर पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। यदि जांच में चालक के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

