वाराणसी : कारोबार के नाम पर लिए पैसे, एक करोड़ हड़पने का आरोप, दंपती समेत पांच पर मुकदमा
वाराणसी। शहर में कारोबार के नाम पर एक करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दंपती सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया श्रीनगर कॉलोनी निवासी सीताराम चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्रोसरी शॉप से संबंधित सामानों के विक्रेता शंकुलधारा निवासी राजेश अग्रवाल, पत्नी रजनी अग्रवाल, उसके बेटे शाश्वत अग्रवाल और बेटी लाडो ने धोखे से कारोबार के नाम पर पैसे लिए। बाद में असमर्थता जताते हुए मकान की रजिस्ट्री की बात कहकर विभिन्न तिथियों पर एक करोड़ रुपये बैंक खाते में ले लिए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि न तो बकाया लौटाया गया और न ही मकान की रजिस्ट्री की गई। इतनी बड़ी रकम देने के बाद वह आर्थिक रूप से परेशान हो गए हैं। उनका और उनके बेटे का ग्रोसरी प्रतिष्ठान भी बंद हो चुका है। बैंकों के लोन भरने में भी परेशानी हो रही है। आरोप लगाया कि कई बार रकम वापस मांगी गई, लेकिन दूसरे पक्ष की ओर से गालीगलौज और शूटरों से गोली मरवाने की धमकी दी गई। पीड़ित के आरोपों के आधार पर पुलिस ने चार नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

