वाराणसी : मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा, विपक्ष पर साधा निशाना 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद गुरुवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंत्री ने मीडिया से बातचीत में देश के विभिन्न राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन की जीत को लेकर बड़ा दावा किया। वहीं विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। 

123

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों में चल रहे चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर चुनाव मैदान में हैं और जनता का समर्थन उन्हें निश्चित रूप से मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा गठबंधन जीत दर्ज करेगा।

वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए संजय निषाद ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्से युद्ध और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, लेकिन भारत शांति और विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे देश के मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया और कहा कि भारत ने भगवान बुद्ध के मार्ग को अपनाकर प्रगति की नई मिसाल कायम की है।

मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल बिना मुद्दों के अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता अब जागरूक है और विपक्ष की रणनीति सफल नहीं होगी। दौरे के दौरान मंत्री ने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

Share this story