वाराणसी : पहले प्रेमिका की हत्या, फिर उसी के फोन से पुलिस को दी सूचना, हुआ फरार
वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद यादव गली स्थित एक किराये के मकान में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसी के मोबाइल से डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
मृतका की पहचान पूनम शर्मा (35) के रूप में हुई है, जो भेलूपुर की निवासी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पूनम शादीशुदा थी और करीब 18 साल पहले जौनपुर निवासी एक व्यक्ति से उसका विवाह हुआ था। उसके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि एक महीने पहले ही उसके पति की मृत्यु हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 से पूनम का मनोज नामक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पूनम अपने पति को छोड़कर मनोज के साथ रहने लगी थी। घटना के दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने पूनम के मोबाइल से ही 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, वह मोबाइल लेकर फरार हो चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़ोसियों के मुताबिक, देर रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घटना की रात भी तेज आवाजें सुनाई दी थीं। पुलिस ने आरोपी के भाई सुनील से पूछताछ की है और उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

