वाराणसी : पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट करने वालों के खिलाफ एक्शन, एक हफ्ते बाद दर्ज हुई एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में स्थित बीपी बीएचयू पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक सप्ताह बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित कर्मचारी की तहरीर पर नामजद आरोपी समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा कायम किया गया है।

सुंदरपुर टड़िया निवासी राम संजीवन पटेल बी.पी. बी.एच.यू. पेट्रोल पंप पर हवा भरने का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दिनांक 21 मार्च 2026 को शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच एक थार गाड़ी (UP 61 BH 9003) से तीन-चार लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वाहन में हवा भराने को कहा।

पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने वाहन को थोड़ा अंदर करने के लिए कहा, तो इसी बात से नाराज होकर इंद्रेश चौबे नामक व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लात मारकर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस को सूचना दी तो अंजाम बुरा होगा।

घटना के बाद पीड़ित ने चितईपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने एक सप्ताह पश्चात इंद्रेश चौबे और तीन-चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Share this story