वाराणसी : बिना अनुमति प्रदर्शन के मामले में विधायक पल्लवी पटेल समेत कई समर्थकों पर एफआईआर
वाराणसी। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को बीएचयू के सिंहद्वार पर प्रशासन की अनुमति के बिना एकत्र होकर प्रदर्शन करने के आरोप में विधायक पल्लवी पटेल समेत कई समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी की तहरीर पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल के अलावा कई समर्थकों को नामजद किया गया है। आरोप है कि निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रदर्शन के कारण बीएचयू अस्पताल मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस का कहना है कि इससे जनसुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
पुलिस के मुताबिक प्रशासन की अनुमति के बिना प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण स्थिति सामान्य करने में समय लगा। बाद में विधायक पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
लंका थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

