वाराणसी : बारावफात की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आए पिता-पुत्र, दोनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा स्थित काजीपुर खुर्द में मंगलवार सुबह बारावफात की सजावट के दौरान हुए हादसे में पिता-पुत्र की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। 

 

काजीपुर खुर्द निवासी सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (45) पुत्र रफीकुद्दीन अपने करीब 17 वर्षीय बेटे अनस के साथ बारावफात पर्व को लेकर घर के सामने सजावट कर रहे थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सजावट करते समय अनस अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। बेटे को करंट से बचाने के प्रयास में उसके पिता सलीमुद्दीन भी उसकी चपेट में आ गए। दोनों को करंट लगने के बाद परिजन और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। हालांकि, हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई।

 123

घटना की सूचना मिलने पर सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से मोहल्ले में मातम का माहौल है। पुलिस घटना की जांच में जुटी रही।

Share this story