वाराणसी : रिंग रोड पार करते समय ट्रक से बचे तो स्कार्पियो ने कुचला, किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवसेवही गांव में रविवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पार कर रहे गांव निवासी किसान रामजी यादव (70 वर्ष) को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार रामजी यादव रविवार सुबह अपने खेत से घर लौट रहे थे। घर के पास रिंग रोड पार करते समय पहले एक ट्रक से किसी तरह बचकर निकले, लेकिन दूसरी दिशा से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण और परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

