वाराणसी : करंट से मजदूर की मौत पर परिजनों में आक्रोश, शव रखकर किया सड़क जाम, मुआवजे की मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में बिजली करंट से मजदूर की मौत के बाद सोमवार शाम परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही लोगों ने भवानीपुर चट्टी पर शव रखकर मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।

राजातालाब थाना क्षेत्र के मातलदेई पुलिस चौकी अंतर्गत राजापुर गांव स्थित शिव शंकर मौर्य के मुर्गी फार्म पर काम करने वाले गोविंदपुर निवासी प्रेम कुमार वर्मा (40 वर्ष) की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया गया कि प्रेम कुमार रोज की तरह रविवार रात भोजन करने के बाद फार्म पर ही सो गए थे। सोमवार सुबह फार्म मालिक जब वहां पहुंचे तो उन्होंने प्रेम कुमार को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।

123

घटना की जानकारी मिलते ही फार्म मालिक ने परिजनों को सूचना दी और उन्हें तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संगीता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रेम कुमार चार भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने पीछे एक पुत्र तथा एक पुत्री छोड़ गए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भवानीपुर चट्टी पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुआवजा और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस उन्हें समझाने में जुटी रही।

Share this story