वाराणसी : इलाज के दौरान बच्चे की मौत पर केयर हॉस्पिटल में बवाल, परिजनों ने चितईपुर मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा स्थित केयर हॉस्पिटल में सोमवार को इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। विरोध बढ़ने पर परिजन अस्पताल के बाहर सड़क पर पहुंच गए और चितईपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

बच्चे को चेस्ट में इंफेक्शन की शिकायत के बाद करीब तीन दिन पहले केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल संचालकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

123

परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हालत गंभीर होने के बावजूद उन्हें उपचार और उसकी स्थिति के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। बच्चे की मौत के बाद जब उन्होंने डॉक्टरों से मौत का कारण और उपचार के संबंध में जवाब मांगा तो उन्हें उचित उत्तर नहीं मिला। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।


चितईपुर मार्ग पर लगाया जाम
अस्पताल परिसर में विरोध के बाद परिजन सड़क पर पहुंच गए और चितईपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकने से दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलने पर चितईपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक हंगामे और जाम के कारण पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

123
डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और इलाज करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता और डिग्रियों की जांच कराने की भी मांग उठाई। परिजन जिम्मेदार डॉक्टरों की गिरफ्तारी की मांग पर भी अड़े रहे। उनका कहना था कि बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वे विरोध जारी रखेंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।

Share this story