वाराणसी : अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया गंभीर लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर के एक निजी क्लिनिक में 10 दिन के नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल किया। अस्पताल में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आ रही है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं बिना डिग्री के अस्पताल चला रहे डॉक्टर के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

विकास राजभर ने आरोप लगाया कि उनके बच्चे को उपचार के दौरान गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बच्चे की स्थिति पहले स्थिर थी, लेकिन इंजेक्शन के बाद वह गंभीर हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन क्लिनिक के बाहर जुट गए। गुस्साए लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और वहां खड़े एक चार पहिया वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान घटना का वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें अस्पताल के बाहर भारी भीड़ और हंगामे का दृश्य साफ देखा जा सकता है। 

इस संबंध में डीसीपी विदूष सक्सेना ने बताया कि सलारपुर स्थित अस्पताल में शिशु की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों का आरोप था कि गलत इंजेक्शन लगाने की वजह से बच्चे की मौत हुई। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि चिकित्सक के पास कोई डिग्री नहीं है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story