वाराणसी : नेहरू मार्केट में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा एक्शन, आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, कई धराए, शराब बरामद
वाराणसी।अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी विभाग, थाना सिगरा पुलिस और विद्यापीठ चौकी की संयुक्त टीम ने सिगरा थाना क्षेत्र स्थित नेहरू मार्केट समेत कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं अवैध शराब और बीयर बरामद होने की बात सामने आ रही है।

क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बैठाकर शराब पिलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इसको लेकर कई बार प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। इसी क्रम में जवाहरलाल नेहरू व्यावसायिक व्यापार विकास सेवा समिति के अध्यक्ष अनूप कुमार सोनकर ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में फैल रहे अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर विशेष अभियान चलाया। टीम ने विद्यापीठ चौकी क्षेत्र और आसपास के कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान उन ठिकानों को निशाना बनाया गया, जहां कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी और लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई। संयुक्त टीम ने मौके से कई लोगों को हिरासत में भी लिया। हालांकि अधिकारियों की ओर से गिरफ्तार किए गए लोगों की आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है, लेकिन व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि कई संदिग्धों को पकड़ा गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर होगी और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अव्यवस्थाओं पर भी रोक लगेगी। पुलिस और आबकारी विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे और अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
देखें तस्वीरें और वीडियो






