वाराणसी : ई-रिक्शा व बाइक की आमने-सामने टक्कर, बाइक सवार की मौत, दो घायल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में भीमचंडी गांव स्थित लॉन के पास राजातालाब-जख्खिनी मार्ग पर ई-रिक्शा और बाइक में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं ई-रिक्शा में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही। 

मरुई गांव निवासी अवधेश कुमार शुक्ला (45 वर्ष) बाइक से राजातालाब से अपने गांव मरूई जा रहे थे। भीमचंडी गांव स्थित लॉन के समीप ई-रिक्शा और बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इससे अवधेश कुमार शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ई-रिक्शा सवार दो लोगों को भी गंभीर चोटें आईं। 

घटनास्थल पर जुटे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। अवधेश शुक्ला की गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। 

अवधेश शुक्ला तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके परिवार में दो पुत्र दीपक और रुद्र हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है।

Share this story