वाराणसी: चित्रकूट कुंड से हटेगा अतिक्रमण, बाउंड्री वॉल होगी दुरुस्त, परिसर में बनेगा ओपन जिम
वाराणसी। धूपचंडी वार्ड स्थित चित्रकूट कुंड के आसपास जल्द ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने कुंड परिसर में अव्यवस्थाओं को दूर करने के साथ बाउंड्री वॉल की मरम्मत और पाथवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने का निर्णय लिया है। इसके अलावा स्थानीय लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कुंड परिसर में ओपन जिम स्थापित किया जाएगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को धूपचंडी वार्ड का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, सीवर, सड़क मरम्मत, इंटरलॉकिंग और मार्ग प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत सुबह करीब 7:30 बजे राम कटोरा चौराहे पर अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के समीप से हुई।
इसके बाद नगर आयुक्त ने चित्रकूट कुंड परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। मौके पर कुंड के आसपास अतिक्रमण पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अभियान चलाकर इसे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंड परिसर और आसपास की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए, ताकि क्षेत्र का बेहतर रखरखाव हो सके।

क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की होगी मरम्मत
निरीक्षण के दौरान कुंड की बाउंड्री वॉल भी क्षतिग्रस्त मिली। नगर आयुक्त ने इसकी तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं, स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कुंड के चारों तरफ बने पाथवे पर पर्याप्त मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इससे सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
पाथवे की कई जगह क्षतिग्रस्त और घिसी इंटरलॉकिंग को भी बदलने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से नया प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्य कराने को कहा।

सुबह की सैर के साथ स्वास्थ्य सुविधा
स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चित्रकूट कुंड परिसर में ओपन जिम स्थापित करने का फैसला लिया गया। इससे क्षेत्र के लोगों को खुले वातावरण में व्यायाम और सुबह की सैर की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा लेबर कॉलोनी में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर सफाई चौकी का नया सामग्री स्टोर रूम बनाने का प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राय, सहायक अभियंता सिद्धार्थ गौतम, अवर अभियंता सुखपाल सिंह, जलकल के सहायक अभियंता राघवेंद्र कुमार, अवर अभियंता गौरव मिश्रा और सफाई निरीक्षक संजय चंद्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

