वाराणसी : तेज रफ्तार मैजिक की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र में पंचकोशी रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा शाम करीब छह बजे पयागपुर गांव के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित मैजिक वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान टोडरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बनारसी विश्वकर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर राजातालाब पुलिस चौकी प्रभारी राजेश मौर्य मौके पर पहुंचे और परिजनों की सहायता से गंभीर रूप से घायल बनारसी विश्वकर्मा को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बनारसी विश्वकर्मा पेशे से बिजली वायरिंग का कार्य करते थे। वह रोज की तरह शहर में काम समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पयागपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मैजिक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
बनारसी विश्वकर्मा स्वर्गीय शंकर विश्वकर्मा के चार पुत्रों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार में पत्नी ममता, दो पुत्र शिवा और सागर सहित अन्य परिजन हैं। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजातालाब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार मैजिक चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

