वाराणसी : काला जादू के अंधविश्वास में वृद्ध की गोली मारकर हुई थी हत्या, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्यारोपितों को पकड़ा, टीम को 25 हजार का इनाम
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के मलीन बस्ती में राजन (60 वर्ष) की गोली मारकर हत्या की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार हत्यारोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। काला जादू के अंधविश्वास में वृद्ध की हत्या की गई थी। घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करने पर पुलिस टीम को 25 हजार के इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस के अनुसार 15 जून की रात एक महिला ने अपने पति की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चौक में तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना की जांच तेज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में बेनियाबाग निवासी विशाल भारतीय उर्फ जानू, चुरामनपुर निवासी विकास विश्वकर्मा उर्फ सोनू, मरेठवा पोखरा निवासी सुजीत बाल्मिकी तथा बेनियाबाग निवासी कृष्णा बाल्मिकी शामिल हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल, एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा एक बजाज पल्सर आरएस-200 बाइक बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहनों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार विशाल के घर में किसी की मृत्यु हुई थी। उसके लिए उसके मन में भ्रम था कि राजन के काला जादू करने की वजह से उसके परिजन की मौत हुई थी। उसका बदला लेने के लिए ही राजन की गोली मारकर हत्या की गई। पुलिस टीम में थाना चौक के प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी पियरी संदीप कुमार सिंह, चौकी प्रभारी ब्रह्मनाल अभिषेक कुमार त्रिपाठी सहित थाना चौक, एसओजी और सर्विलांस सेल के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

