वाराणसी : उधार के 3.30 लाख रुपये लौटाने से इनकार, बड़े भाई ने छोटे भाई पर दर्ज कराया मुकदमा
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक आर्थिक लेन-देन का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। जानकी नगर निवासी श्यामलाल शर्मा ने अपने छोटे भाई देवनाथ शर्मा पर उधार लिए गए 3.30 लाख रुपये वापस न करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में श्यामलाल शर्मा ने बताया कि वर्ष 2014 में देवनाथ शर्मा ने अपने पुत्र की बीडीएस की पढ़ाई की फीस जमा करने के लिए आर्थिक सहायता मांगी थी। भाई के भरोसे पर उन्होंने अप्रैल 2014 में आरटीजीएस के माध्यम से 3 लाख 30 हजार रुपये उसके बैंक खाते में भेज दिए। आरोप है कि देवनाथ ने दो वर्षों के भीतर पूरी रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया।
पीड़ित का कहना है कि वर्ष 2017 से वह लगातार अपनी रकम की मांग कर रहे हैं, लेकिन आरोपी हर बार बहाना बनाकर टालता रहा। परिवार स्तर पर भी कई बार समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
लंबे समय तक इंतजार और बार-बार मांग के बावजूद रकम वापस न मिलने पर श्यामलाल शर्मा ने पुलिस की शरण ली। शिकायत के आधार पर भेलूपुर पुलिस ने देवनाथ शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

