वाराणसी : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को गति, विधायक, डीएम और सीडीओ ने किया पौधारोपण
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के घाटमपुर गांव में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वन विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बड़ी संख्या में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों, प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और एएनएम सेंटरों पर पौधारोपण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और आशा बहुओं को पौधे वितरित किए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर जीवन का आधार बनेगा। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को हरा-भरा बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और हरित काशी के निर्माण के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताते हुए लोगों से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण संबंधी संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है।
खंड विकास अधिकारी काशी विद्यापीठ ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगभग 300 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रति व्यक्ति पांच-पांच पौधे रोपित करने के लिए प्रेरित किया गया है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अभिषेक पटेल, ग्राम पंचायत सचिव रामानंद यादव, अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सचिव अजीत पटेल, वरिष्ठ नेता अभिमन्यु सिंह, दशमी यादव, राजकुमार वर्मा, विनोद पटेल, श्यामबली पटेल, गोविंद पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

