वाराणसी : नौका संचालन में लापरवाही पर सख्ती, आठ नाविकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 13 नावें सीज
वाराणसी। गंगा में असुरक्षित नौका संचालन को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने आठ नाविकों पर मुकदमा दर्ज किया है, जबकि 13 नावों को सीज कर दिया गया है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गुरुवार को 173 नावों की जांच की गई। इस दौरान नाविकों के पहचान पत्र और आयु का सत्यापन किया गया। जांच में कई नावें क्षमता से अधिक सवारियों के साथ संचालित होती मिलीं। कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट भी नहीं पहन रखी थी, जिस पर कार्रवाई की गई।
नौका संचालन की स्थिति परखने के लिए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार स्वयं पर्यटक बनकर नाव पर सवार हुए। अस्सी घाट, रीवा घाट और तुलसी घाट पर निरीक्षण के दौरान कई नावें ओवरलोड पाई गईं। इसके अलावा दशाश्वमेध, शीतला और पांडेय घाट के सामने भी तीन नावें असुरक्षित तरीके से संचालित होती मिलीं। इन सभी नावों को तत्काल सीज कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइफ जैकेट और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। दरअसल, बीते सोमवार को अस्सी घाट के पास दो नावों की टक्कर में एक नाव गंगा में डूब गई थी। हादसे में पांच लोग नदी में गिर गए थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद से ही पुलिस ने सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है।

