वाराणसी : नींव की खुदाई के दौरान कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के डोमनपुर गांव में बुधवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नींव की खुदाई और निर्माण कार्य के दौरान कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इसके मलबे में दबकर 32 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अरका गांव निवासी प्रदीप कुमार (32) पुत्र रामनाथ के रूप में हुई। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार सुबह वह डोमनपुर गांव निवासी बल्ली पाल के यहां मकान निर्माण के काम पर गया था। निर्माणाधीन मकान में पिलर के पास लगी ईंटों को हटाने का काम कर रहा था। इसी दौरान पीछे स्थित हीरालाल पाल के मकान की मिट्टी से बनी कच्ची दीवार अचानक उसके ऊपर गिर गई। दीवार के भारी मलबे में प्रदीप पूरी तरह दब गया।

ग्रामीणों ने मलबा हटाकर निकाला, अस्पताल में तोड़ा दम
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाया और प्रदीप को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। प्रदीप की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
प्रदीप के परिवार में पत्नी नीलम के अलावा दो छोटे बेटे हैं। बड़ा बेटा कार्तिक पांच वर्ष और छोटा रॉकी महज दो वर्ष का है। पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया। पति को खोने के गम में पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे की मौत से मां शांति देवी भी बेसुध हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार प्रदीप मिलनसार स्वभाव का था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी उठाता था। उसकी मौत से अरका गांव में मातम पसरा है।

बताया गया कि पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया से बचने के लिए दोनों पक्षों ने आपस में सुलह-समझौता कर लिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

BK Pathak
BK Pathak

21855 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story