वाराणसी : दुर्गा मंदिर में की तोड़फोड़, प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पुजारी को पीटा, मनबढ़ युवक पर आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कृष्णदत्तपुर गांव स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने दुर्गा मंदिर में शनिवार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी एक युवक सुबह मंदिर पहुंचा और मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। आरोप है कि उसने गर्भगृह में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया, जिससे प्रतिमा का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब स्थानीय लोगों ने युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह आक्रामक हो गया। इस दौरान मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राजातालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपी के परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार, कुछ माह पूर्व हुए एक सड़क हादसे के बाद उसके व्यवहार में बदलाव आया था।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक की मानसिक स्थिति, घटना के कारणों तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

Share this story