वाराणसी : ओवरब्रिज पर खड़े कंटेनर से टकराया डंपर, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के कछवांरोड स्थित ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। ओवरब्रिज पर खड़े एक कंटेनर में पीछे से आ रहे डंपर ने तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय दिलीप पटेल के रूप में हुई है, जो मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र का निवासी था। जानकारी के अनुसार दिलीप जौनपुर से कोयला खाली कर डंपर लेकर चोपन की ओर जा रहा था। इसी दौरान कछवांरोड ओवरब्रिज पर यह हादसा हो गया।

दिलीप दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share this story