वाराणसी : पुलिस चौकी में शराबी का उत्पात, कुर्सियां फेंकी, एसी उखाड़ने की कोशिश
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र की बजरडीहा पुलिस चौकी पर बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शराब के नशे में धुत युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक ने चौकी के बाहर रखी कुर्सियों को उठाकर फेंकना शुरू कर दिया और विंडो एसी को पकड़कर खींचने लगा। इससे हड़कंप मच गया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट के इरादे से उनकी ओर दौड़ पड़ा। अचानक हुए इस हंगामे से आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और चौकी के पास भीड़ जुट गई। देर रात तक क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पवन पांडेय मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शिवरतनपुर, बजरडीहा निवासी शैलेन्द्र यादव के रूप में हुई।
चौकी प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में था और प्रारंभिक जांच में उसके मानसिक रूप से कुछ परेशान होने की भी जानकारी मिली है। फिलहाल उसे शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए निरुद्ध किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद चौकी पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

