वाराणसी : दवा व्यापारियों से लाखों की धोखाधड़ी, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मैदागिन क्षेत्र के 10 थोक दवा व्यापारियों ने एक फर्म और उसके संचालकों पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित व्यापारियों के अनुसार, प्रथम फार्मा फर्म की प्रोपराइटर मोना मद्धेशिया, मनीष मद्धेशिया, सोनू और प्रथम मद्धेशिया ने सुनियोजित तरीके से उनसे दवाइयों की खरीद की और भुगतान नहीं किया। आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले आरोपियों ने व्यापारियों से व्यावसायिक संबंध स्थापित कर 15 से 30 दिनों के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिलाया, जिससे उनका विश्वास जीत लिया।

व्यापारियों का कहना है कि सितंबर 2025 से आरोपियों ने भुगतान टालना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे संपर्क भी कम कर दिया। दबाव बनाने पर आरोपियों ने मोना मद्धेशिया के नाम से एक चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपियों ने भुगतान करने से पूरी तरह किनारा कर लिया।

पीड़ितों का आरोप है कि 24 जनवरी 2026 को समझौता कर 1 फरवरी से भुगतान शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक किसी को कोई रकम नहीं मिली। इस मामले में लाखों रुपये की ठगी की बात सामने आई है।

प्रमुख पीड़ितों में सौरभ अग्रवाल (22.55 लाख), विष्णु गुप्ता (8.39 लाख), देवानंद कुकरेजा (7.16 लाख), प्रदीप जायसवाल (4.74 लाख), महेश (3.47 लाख), मोहन लाल गुप्ता (3.18 लाख), नंदलाल गुप्ता (3.02 लाख), पुरुषोत्तम मारू (2.82 लाख), सिद्धार्थ लाढा (2.71 लाख) और गोवर्धन इसरानी (2.47 लाख) का नुकसान हुआ है।

Share this story