वाराणसी : डंपर की चपेट में आने से खलासी की मौत, हिरासत में चालक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा स्थित रिंग रोड चौराहे के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र निवासी चालक धीरज यादव डंपर पर गिट्टी लादकर सन्दहां चौराहे के पास स्थित बालू-गिट्टी मंडी में पहुंचा था। उसके साथ घोरावल क्षेत्र के पेड़े गांव निवासी लगभग 25 वर्षीय परमेश्वर खलासी के रूप में मौजूद था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे मंडी में गिट्टी खाली करने के बाद चालक वाहन लेकर वापस लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि जब डंपर सन्दहां चौराहे के पास पुल के नीचे से आशापुर की ओर जाने लगा, तभी वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने नो-एंट्री का हवाला देते हुए वाहन को रोक दिया। इसके बाद चालक ने डंपर को हरहुआ की दिशा में मोड़ने के लिए पीछे करना शुरू कर दिया।

इसी दौरान खलासी परमेश्वर वाहन से उतरकर चालक को पीछे करते समय दिशा दिखा रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डंपर के पिछले पहिए के नीचे आ गया। भारी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए शव का पंचायतनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Share this story