वाराणसी : जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

123

जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करने और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान के लिए स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और केवल अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे कार्य न छोड़ें। प्रत्येक मामले का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर किया जाए।

उन्होंने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतें सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।

Share this story