वाराणसी : स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, 290 आशा कार्यकर्ताओं को नोटिस के निर्देश
टीकाकरण में कम प्रगति वाले क्षेत्रों की ग्रामसभा से सब-सेंटर स्तर तक होगी समीक्षा, हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी पांचवें स्थान पर
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन और भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 12,744 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ वाराणसी प्रदेश में छठे स्थान पर है। डीएम ने लंबित भुगतान वाले चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजना में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी समीक्षा की। जिले में 290 आशा कार्यकर्ताओं द्वारा योजना के तहत कोई प्रसव नहीं कराए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से संचालित स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र महिलाओं की स्क्रीनिंग कराने तथा संदिग्ध मामलों में आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी के पांचवें स्थान पर रहने की जानकारी दी गई। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार के लिए नियमित निगरानी करने तथा कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों की ग्रामसभा और सब-सेंटर स्तर तक समीक्षा कराने तथा टीकाकरण में कमी के कारणों की पहचान कर तत्काल सुधार करने को कहा। सभी पात्र बच्चों का समय से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, कृमि मुक्ति दिवस, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम और टीबी मुक्त भारत अभियान समेत अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने विभागीय योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

