वाराणसी : जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आमजन की शिकायतें सुनीं। फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, जनसुविधाओं और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित जनता दर्शन अवधि में अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

123

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों तक पहुंचता है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ शिकायतों का निस्तारण करें। इससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता हो, उनमें शीघ्रता से जांच पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण में तथ्यों की सत्यता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।

Share this story