वाराणसी : चोखा में आलू को लेकर विवाद, रेस्टोरेंट में ग्राहक से मारपीट का आरोप, युवक घायल, रेस्टोरेंस कर्मियों पर मुकदमा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित एक प्रसिद्ध बाटी-चोखा रेस्टोरेंट में भोजन के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करने पर रेस्टोरेंट कर्मियों ने एक युवक की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कपसेठी थाना क्षेत्र के बरखी गांव निवासी शिवम सिंह मंगलवार रात अपने परिवार और कुछ परिचितों के साथ दुर्गाकुंड स्थित रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे। भोजन के दौरान परोसे गए चोखे में आलू का बड़ा टुकड़ा निकलने पर परिवार के लोगों ने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट कर्मचारियों से की। आरोप है कि शिकायत को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रेस्टोरेंट कर्मियों ने शिवम सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि युवक पर लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोटें आईं और कई दांत टूट गए। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य और बच्चे भी मौजूद थे, जो अचानक हुए घटनाक्रम से सहम गए।

मारपीट की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक रेस्टोरेंट परिसर और आसपास तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बाद में स्थिति को नियंत्रित किया गया और घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया।

घटना के बाद शिवम सिंह के परिजन भेलूपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। दान बहादुर सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात रेस्टोरेंट कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को गंभीरता से देखा जा रहा है।

पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से विवाद की शुरुआत, मारपीट की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में मदद मिलेगी। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story