वाराणसी : हाईवे पर पलटी कार, बाल-बाल बचे सवार, बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने जा रहे थे श्रद्धालु 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। दर्शनार्थियों से भरी एक कार अज्ञात ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर कई बार पलटती हुई डिवाइडर पर चढ़ गई। संयोग अच्छा रहा कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद सभी सवार सुरक्षित बच निकले। कार सवार बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने जा रहे थे। 

नैनी निवासी दिव्यांश पांडेय अपनी बहन और दो अन्य परिजनों के साथ कार से वाराणसी आ रहे थे। उनका उद्देश्य काशी विश्वनाथ मंदिर में रंगभरी एकादशी के अवसर पर दर्शन-पूजन करना था। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार प्रयागराज से वाराणसी की ओर बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार हाईवे पर कई बार पलटी खाते हुए बीच डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और कार सवारों को बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन समेत वाराणसी की दिशा में फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया, जिससे लंबा जाम लगने से बच गया।

हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल न होने से राहत की सांस ली गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हाईवे पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर चिंता का विषय बनकर सामने आई है।

Share this story