वाराणसी : विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने कल्लीपुर में किसानों से की बात, बोले आपसी सहमति से होगा जमीन का अधिग्रहण
वाराणसी। कल्लीपुर ग्राम में विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि क्रय और लैंड पुलिंग प्रक्रिया को लेकर किसानों और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण द्वारा भूमि अधिग्रहण या लैंड पुलिंग की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और स्वैच्छिक सहमति पर आधारित होगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी जमीन का मूल्यांकन उचित और न्यायसंगत दर पर किया जाएगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक हानि न हो और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

इस मौके पर पूरे प्रस्तावित टाउनशिप क्षेत्र का ड्रोन के माध्यम से सर्वेक्षण भी कराया गया। इस आधुनिक तकनीक की मदद से भूमि की वास्तविक स्थिति, सीमांकन और विकास की संभावनाओं का सटीक आकलन किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए तकनीकी साधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव और अपेक्षाएं खुलकर प्राधिकरण के समक्ष रखीं। उन्होंने मुआवजे, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया। उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जनसहभागिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, राजस्व विभाग के क्षेत्रीय लेखपाल, वीडीए के लेखपाल मनु उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

