वाराणसी : तीन गोलियां लगने के बाद भी नहीं डिगे आरक्षी अमित शुक्ला के हौसले, पुलिस आयुक्त ने किया सम्मानित, असलहा तस्करों से मुठभेड़ में हुए थे घायल
वाराणसी। अपराधियों से लोहा लेते हुए अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले थाना लंका में तैनात आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त ने अपने कैंप कार्यालय में उन्हें प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके साहस एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की। तीन गोलियां लगने के बावजूद आरक्षी ने जिस तरह पुलिस टीम का सहयोग जारी रखा, उसे पुलिस विभाग ने अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
तस्करों की फायरिंग में लगी थीं तीन गोलियां
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को थाना लंका क्षेत्र में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर थाना लंका पुलिस की टीम ने तस्करों की घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस टीम में शामिल आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने साहस दिखाते हुए तस्करों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन तस्करों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरक्षी अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए और इसका फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
घायल होने के बाद भी जारी रखा पुलिस का सहयोग
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय बनाए रखा और पुलिस टीम को लगातार महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं सहयोग प्रदान किया। उनकी सक्रियता और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर थाना लंका पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध असलहा फैक्ट्री का भी हुआ था खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस और अवैध असलहा निर्माण की फैक्ट्री बरामद की थी। इस कार्रवाई में आरक्षी अमित शुक्ला का साहस और सूचना तंत्र पुलिस के लिए काफी मददगार साबित हुआ।
पुलिस आयुक्त ने बताया प्रेरणास्रोत
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आरक्षी अमित कुमार शुक्ला के अदम्य साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण, तत्परता और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति ऐसी निष्ठा और समर्पण पुलिस बल के अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आरक्षी को भविष्य में भी इसी तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

