वाराणसी : जीएसटी की उपायुक्त 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की वाराणसी टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की उपायुक्त अंबिका को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बुधवार को चेतगंज क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास की गई। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता अजय कुमार मौर्य, पुत्र स्वर्गीय पन्नालाल मौर्य, निवासी बजरडीहा (थाना भेलूपुर), वाराणसी ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। उन्होंने लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न एवं राज्य जीएसटी आकलन से संबंधित फाइल के स्पष्टीकरण और निस्तारण के लिए उपायुक्त अंबिका द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।

123

शिकायत मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास आरोपी अधिकारी को रिश्वत की राशि देने पहुंचे। जैसे ही उपायुक्त अंबिका ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, पहले से मौजूद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को सतर्कता अधिष्ठान थाना लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई राजपत्रित, अराजपत्रित अथवा अन्य लोक सेवक सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन 9454401866 या 9454401222 पर दें। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और शिकायत मिलने पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this story