वाराणसी : राहुल गांधी पर बरसे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, बोले, 2027 तक समाप्तवादी पार्टी हो जाएगी सपा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या शनिवार को वाराणसी पहुंचे। सर्किटच हाउस में उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान भारतीय सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। साथ ही इसको लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। आरोप लगाया कि भारतीय सेना के शौर्यपूर्ण प्रदर्शन से राहुल गांधी खुश नहीं हैं। इसलिए पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। 2027 तक सपा समाप्तवादी पार्टी हो जाएगी।  

VNS

उन्होंने कहा कि सेना की वीरता और पराक्रम ने एक बार फिर भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या अन्य सैन्य कार्रवाई, सेना हमेशा देश के सम्मान की रक्षा में अग्रणी रही है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पाकिस्तान के प्रवक्ता की तरह बयानबाजी कर रहे हैं। मौर्य ने कहा कि ऐसे बयान देश विरोधी ताकतों को प्रोत्साहित करते हैं और राष्ट्र की एकता पर चोट करते हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी उन्होंने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। अखिलेश यादव शीशमहल में बैठकर राजनीति कर रहे हैं और उन्हें प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।" इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लिया। मौर्य ने दावा किया कि 2027 तक सपा पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

Share this story