वाराणसी पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले, कफ सिरप कांड में शामिल कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा, विपक्ष पर सधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने नशीले कफ सिरप मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि इस पूरे प्रकरण में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कई स्तरों पर तेजी से चल रही है और जिन–जिन लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, उनके विरुद्ध बिना किसी देरी के कठोर कार्रवाई की जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है जो भी कानून तोड़ेगा, चाहे वह कोई भी हो, उसे कानूनी प्रावधानों के तहत दंडित किया जाएगा।

डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करने वाली और जनता की जान से खिलवाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके अनुसार, इस प्रकार के अपराध आम लोगों के जीवन और स्वास्थ्य के लिए खतरा बनते हैं, इसलिए सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया  वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जब सपा सरकार में थी, तब कानून-व्यवस्था की स्थिति कैसी थी, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन दिनों प्रदेश में गुंडागर्दी अपने चरम पर थी और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं।

कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि पार्टी पूरी तरह हताशा और भ्रम की स्थिति में है। उनके अनुसार, कांग्रेस को यह समझ नहीं आ रहा कि वह करे तो क्या करे और इसी बेचैनी में वह बिना आधार वाले आरोप लगा रही है।

बिहार के हालिया चुनावों को लेकर उठी राजनीतिक बहस पर भी उन्होंने टिप्पणी की। बृजेश पाठक ने कहा कि वहां घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने के बाद कुछ राजनीतिक दलों की बेचैनी बढ़ गई है। उन्होंने इशारों ही इशारों में कहा कि यही कारण है कि अखिलेश यादव इस मुद्दे को लेकर अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।

Share this story