वाराणसी : घने कोहरे ने रोकी विमानों की रफ्तार, दो घंटे तक एयरपोर्ट पर नहीं उतरे विमान, यात्रियों को हुई परेशानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दीपावली के अगले दिन सोमवार की सुबह घने कोहरे ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई यातायात की रफ्तार थाम दी। सुबह तड़के से छाए कोहरे के चलते करीब दो घंटे तक विमानों का संचालन प्रभावित रहा। रनवे पर दृश्यता शून्य होने के कारण विमान निर्धारित समय पर उतर नहीं सके। सुबह आठ बजे तक दृश्यता में सुधार नहीं होने से विमान संचालन में देरी शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम का असर एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों पर भी पड़ा। उन्हें अपनी उड़ानों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

एयरपोर्ट पर मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद विमानों का आवागमन शुरू हुआ। बेंगलुरु से वाराणसी आने वाली पहली फ्लाइट इंडिगो की 6ई-6558 सुबह 9:36 बजे पहुंची। इसके बाद अन्य विमानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य हुआ। निर्धारित समय से देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

कई उड़ानों के समय में हुआ बदलाव
कोहरे के कारण बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट 6ई-6559 निर्धारित समय सुबह 7:50 बजे के बजाय 9:45 बजे वाराणसी पहुंची। वहीं दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2215 सुबह 7:30 बजे के बजाय 9:25 बजे रवाना हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट आईएक्स-2210 सुबह 9:45 बजे के बजाय 10:30 बजे उड़ान भर सकी।

इसी तरह दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट आईएक्स-1111 सुबह 9:30 बजे के बजाय 10:10 बजे रवाना हुई। आकासा एयर की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट क्यूपी-1422 भी सुबह 10:05 बजे के बजाय 10:20 बजे उड़ान भर सकी। मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6544 के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया। यह फ्लाइट सुबह 11:50 बजे के बजाय दोपहर 12:05 बजे रवाना हुई।

अगले तीन दिन कोहरे की संभावना
एयरपोर्ट पर तैनात मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनीष राय ने बताया कि अगले तीन दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर कोहरा नहीं दिखने के आसार हैं, लेकिन पूर्वांचल के कुछ जिलों में सुबह के समय दृश्यता सामान्य से कम रह सकती है। ऐसे में विमान यात्रियों को उड़ान से पहले फ्लाइट का अपडेट लेने की सलाह दी गई है।

BK Pathak
BK Pathak

21692 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story