वाराणसी : मिर्जामुराद में रेलवे ट्रैक के पास मिला सिर कटा शव, सनसनी, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बहेड़वा गांव स्थित रेलवे लाइन के पास की है, जहां शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। प्रथम दृष्टया ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक के किनारे फेंके जाने की आशंका जताई है।

शनिवार रात करीब 11 बजे पुलिस को पुलिस को सूचना मिली कि बहेड़वा हाल्ट रेलवे स्टेशन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर राजातालाब की दिशा में रेलवे पटरी के किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक का सिर धड़ से अलग था और गर्दन के ऊपर का हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः युवक की हत्या कहीं और की गई होगी और बाद में शव को रेलवे लाइन के किनारे लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Share this story