वाराणसी : कर्ज से दबे दुकानदार ने दुकान के अंदर फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लोहटिया स्थित लोहा व्यापारी विकास आनंद (34 वर्ष) ने दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। दुकानदार का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। कर्ज के दबाव में आकर आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। पुलिस घटना की जांच में जुटी रही।
जनार्दन स्वरूप आनंद ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र पिछले दिनों से कर्ज के दबाव में था। इसके चलते तनाव में रहता था। वह सुबह दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला। दोपहर तक घर वापस नहीं लौटा को जनार्दन दुकान पर पहुंचे, देखा तो रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और विकास को फंदे से उतारकर मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ ही मोबाइल को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।

