वाराणसी : फेसबुक पर सस्ता सिल्क बेचने का झांसा देकर लाखों की ठगी, साइबर पुलिस ने आरोपी दबोचा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। फेसबुक पर सस्ते दाम में सिल्क के बंडल बेचने का लालच देकर विभिन्न राज्यों के लोगों से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकिया निवासी दीम अहमद के रूप में हुई है। उसने की राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस उससे पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक पर 'गुलनाज अंसारी नाम से फर्जी आईडी बनाकर सिल्क के बंडलों की आकर्षक तस्वीरें पोस्ट की थीं। विज्ञापन देखकर कई लोग उसके संपर्क में आए और एडवांस भुगतान कर दिया, लेकिन उन्हें न तो सामान मिला और न ही रुपये वापस हुए। महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से 56 हजार रुपये तथा पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति से 1.94 लाख रुपये की ठगी की शिकायत सामने आई है। साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ग्राहक आवेदन पत्रों की जांच के बाद आरोपी का पता लगाया गया। आरोपी के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Share this story