वाराणसी : साइबर ठगों ने जाल में फांसकर सिपाही के खाते से उड़ाए 41 हजार, यूपीआई के जरिये किया फ्रॉड
वाराणसी। साइबर अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क का शिकार अब आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी बनने लगे हैं। ताजा मामला वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह देने वाला एक सिपाही खुद ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। साइबर ठगों ने यूपीआई से जुड़े तकनीकी हथकंडे अपनाकर उसके बैंक खाते से 41 हजार रुपये पार कर दिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लंका थाने में तैनात सीरगोवर्धनपुर निवासी सिपाही विजय भारत मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बैंक खाते से 8 जून को संदिग्ध तरीके से 41 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब उन्होंने अपने खाते का विवरण और लेन-देन का रिकॉर्ड जांचा। खाते से रकम कटने की पुष्टि होने पर उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि साइबर अपराधियों ने यूपीआई प्रणाली का दुरुपयोग कर खाते से धनराशि ट्रांसफर की। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी किस माध्यम से अंजाम दी गई और रकम किस खाते या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भेजी गई। साइबर सेल की टीम ट्रांजेक्शन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पीड़ित सिपाही की शिकायत के आधार पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और संबंधित बैंक तथा डिजिटल भुगतान कंपनियों से आवश्यक जानकारी मांगी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।

