वाराणसी : मोबाइल हैक होने का डर दिखाकर साइबर ठगी, खाते से उड़ाए 2.86 लाख

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव में साइबर ठगों ने शातिराना तरीके से एक व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया। मोबाइल हैक होने का भय दिखाकर ठगों ने बैंक खाते से 2 लाख 86 हजार रुपये की रकम उड़ा ली। खाते से पैसे कटने का संदेश मिलते ही पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। 

मेहंदीगंज निवासी राजनाथ सिंह के मोबाइल पर शनिवार को अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को तकनीकी विशेषज्ञ बताते हुए कहा कि उनका मोबाइल हैक हो गया है और यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो खाते से बड़ी धनराशि निकल सकती है। ठग की बातों में उलझे पीड़ित को कुछ समझ में आता, इससे पहले ही उसके मोबाइल पर बैंक खाते से 2 लाख 86 हजार रुपये कटने का संदेश आ गया।

अचानक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने पर भुक्तभोगी ने साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गुरुवार को पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। तहरीर में पीड़ित ने संविधान प्रदत्त आर्थिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Share this story