वाराणसी : चालक को आई झपकी, क्रूजर डिवाइडर से टकराई, 13 यात्री थे सवार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हाईवे पर मिर्जामुराद के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार 13 श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। 

क्रूजर गाड़ी वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही थी। वाहन में नेपाल के शिवपुरी डारलीजिंग निवासी सुमिति हाजर, हौसिला प्रधान, विवेक मलिक, संतोष, विमली, कुकु धरकर समेत कुल 13 श्रद्धालु सवार थे। सभी श्रद्धालु वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन करने जा रहे थे।

जैसे ही क्रूजर मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर गांव स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतरी, उसी दौरान आजमगढ़ निवासी चालक इम्तियाज को झपकी आ गई। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और क्रूजर हाईवे के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ते हुए उससे जा टकराई।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गाड़ी में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को डिवाइडर से हटाकर सड़क किनारे किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की गई, जिससे सभी लोग मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए रवाना हो गए।

Share this story