वाराणसी : दून एक्सप्रेस में दंपती को पीटकर लूटे आभूषण, हरिद्वार से लौट रहे थे हावड़ा
बंगाल के परिवार के साथ मारपीट और आभूषण लूट के मामले में कैंट जीआरपी थाने में प्राथमिकी
वाराणसी। दून एक्सप्रेस के कोच एस-6 में सफर के दौरान पश्चिम बंगाल के दंपती समेत बेटी के साथ बदमाशों ने मारपीट कर आभूषण लूट लिए। हरिद्वार से हावड़ा लौट रहे परिवार के साथ 13 सितंबर की रात हुई घटना के मामले में कैंट जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वारदात के दौरान शिकायत के बावजूद ट्रेन में तैनात सुरक्षा कर्मियों से अपेक्षित मदद नहीं मिली।
पश्चिम बंगाल के सुब्रत साहा ने पुलिस को बताया कि वह ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस से हरिद्वार से हावड़ा जा रहे थे। कैंट स्टेशन पहुंचने से पहले कोच में सवार कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनकी पत्नी चंदना अधिकारी और 12 साल की बेटी के साथ भी मारपीट की गई। बदमाशों ने दो सोने की अंगूठियां समेत अन्य आभूषण लूट लिए।
पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 139 पर तीन बार फोन कर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। इसके अलावा रेल मदद पर भी शिकायत की गई। शिकायत के बाद भी तत्काल राहत नहीं मिलने का आरोप है।
ट्रेन में महिला यात्री का पर्स भी चोरी
इसी ट्रेन में एक अन्य महिला यात्री का पर्स भी चोरी हुआ था। 13 सितंबर की रात हुई घटना के संबंध में पीड़िता ने जीआरपी में प्राथमिक सूचना दी थी। पर्स में स्मार्टफोन, 1200 रुपये समेत अन्य सामान था। महिला ने बताया कि घटना के बाद उसने ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों से शिकायत की, लेकिन मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ितों ने वाराणसी स्टेशन पर भी जीआरपी से शिकायत की। आरोप है कि स्टेशन पर पहुंचे जीआरपी जवानों ने केवल पूछताछ की और तत्काल मुकदमा दर्ज करने की कोशिश नहीं की। बाद में मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।

