वाराणसी : मरम्मत कार्य के दौरान करंट से संविदा लाइनमैन की मौत, परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के पांडेघाट गली स्थित मकान संख्या डी-23/1 के पास विद्युत लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से बिजली विभाग के एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

भारत कुमार (पुत्र कल्लू प्रसाद) मूल रूप से हरपुर, भैरवनाथ गांव के निवासी थे और संविदा पर भदैनी पावर हाउस में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि भारत कुमार लो-टेंशन (एलटी) लाइन पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह उसकी चपेट में आ गए और खंभे से नीचे गिर पड़े।

123

घटना के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ट्रॉमा सेंटर की मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की सूचना दिए जाने के घंटों बाद भी संबंधित जेई और एसडीओ मौके पर नहीं पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि बाद में अधिकारी आए भी तो केवल औपचारिकता निभाते हुए फोटो लेकर चले गए और उनकी बात तक नहीं सुनी।

मृतक की बहन संगीता ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे परिवार को फोन पर सूचना मिली कि भारत कुमार को करंट लग गया है और उन्हें ट्रॉमा सेंटर बुलाया गया है। जब तक परिवार अस्पताल पहुंचा, तब तक डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर चुके थे।

वहीं मृतक की पत्नी चंदा देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति रात करीब 11 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। उनकी ड्यूटी रात 12 बजे से सुबह 9 बजे तक थी। जैसे ही वह काम पर पहुंचे, उन्हें खंभे पर चढ़ाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। इसी दौरान कथित रूप से लापरवाही बरतते हुए लाइन की बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वह नीचे गिर पड़े। पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके साथ कार्य कर रहे कर्मचारियों ने जानबूझकर लाइन चालू कर दी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

परिजनों ने बताया कि भारत कुमार परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी आय से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जो स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। भारत कुमार की असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और घर में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने बिजली विभाग से मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, उचित आर्थिक मुआवजा तथा पेंशन दिए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार के भरण-पोषण के लिए अब यही एकमात्र सहारा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।

Share this story