वाराणसी : बस की टक्कर से बाइक सवार ठेकेदार की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर में बुधवार शाम बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गिलट बाजार-बाबतपुर मार्ग पर ढाई घंटे तक चक्काजाम किया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
सुद्धिपुर निवासी अनुज पटेल ठेकेदारी का काम करता था। बुधवार की शाम वह बाइक से गिलट बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और गिलट बाजार-बाबतपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अनुज की मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

