वाराणसी: चकबंदी अधिकारी की पत्नी ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, मचा कोहराम
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में रविवार को महिला ने अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सेंट्रल जेल रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका सीमा सिन्हा (50 वर्ष) चकबंदी अधिकारी पंकज सिन्हा की पत्नी थी।
पंकज सिन्हा वर्तमान में सुलतानपुर में कार्यरत बताए जा रहे हैं। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका उपचार भी जारी था। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे सीमा सिंह सातवीं मंजिल पर पहुंचीं और नीचे कूद गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले महिला ने फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। पड़ोसियों को शक होने पर उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घटना की जानकारी मिली। वहीं, मृतका की दोनों बेटियां भी उस समय घर में मौजूद थीं, जो घटना के बाद से बेहद सदमे में हैं। परिजनों के अनुसार, सीमा सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं और उनका इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

