वाराणसी : राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’, हनुमान चालीसा का किया पाठ, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
वाराणसी। अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में "सद्बुद्धि पदयात्रा" निकाली गई। पदयात्रा तुलसी मानस मंदिर से शुरू होकर सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े नारे लगाए। यात्रा के समापन पर सेनापति बनकटी हनुमान मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीहनुमान एवं भगवान श्रीराम का दर्शन-पूजन कर देश, प्रदेश और समाज में सत्य, न्याय, सद्भाव तथा सुशासन की कामना की। साथ ही सत्ता में बैठे लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना भी की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले ने श्रद्धालुओं के बीच कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मंदिरों के चढ़ावे और उनकी व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो कानून के अनुसार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी धार्मिक आस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर समाज की आस्था के केंद्र हैं और उनकी गरिमा तथा श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान संजीव सिंह, फ़साहत हुसैन बाबू, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

